सावधान! राजधानी रांची में घुस गया है जंगली हाथी, हटिया के शहरी इलाकों की सड़कों पर मचा हड़कंप

रांची। राजधानी रांची से एक डराने वाली खबर आ रही है। अब तक ग्रामीण इलाकों में ही हाथियों की दहशत थी, लेकिन अब जंगली हाथी शहर में भी घुस गया है। हटिया इलाके में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जंगल से निकलकर एक हाथी शहरी क्षेत्र में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाथी को सड़क किनारे घूमते देखा गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

मिली जानकारी के मुताबिक, हाथी फिलहाल नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (NIFT) के परिसर में घूम रहा है। शहरी इलाके में हाथी के प्रवेश से लोगों में खौफ और दहशत का माहौल बन गया है।

पुलिस और वन विभाग अलर्ट

इधर, सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों में लोगों से सतर्क रहने की अपील की। घटना की जानकारी वन विभाग को भी दे दी गई है। वन विभाग की टीम हाथी को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर वापस भेजने की तैयारी में जुट गई है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि हाथी को किसी भी तरह से उकसाने या उसके करीब जाने की कोशिश न की जाए, क्योंकि ऐसी स्थिति में वह आक्रामक हो सकता है। एहतियातन इलाके की घेराबंदी की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि न हो।

झारखंड में बढ़ा हाथियों का खतरा

आपको बता दें कि झारखंड में इन दिनों हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। पिछले एक महीने के भीतर राज्य के अलग-अलग जिलों में दो दर्जन से अधिक लोगों की हाथियों के हमले में मौत हो चुकी है। कई ग्रामीण घायल हुए हैं और फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

इसी पृष्ठभूमि में हटिया में हाथी के घुसने की घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। लगातार रिहायशी इलाकों में हाथियों की आवाजाही से जान-माल का खतरा बढ़ता जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close