झारखंड: मजदूर नेता को मारी गोली, नाजुक हालत में आसनसोल रेफर, रेकी कर बाइक से किया पीछा, फिर DIG आफिस के सामने मार दी गोली…
Jharkhand: Labor leader shot, referred to Asansol in critical condition, chased on bike after recce, then shot in front of DIG office...

दुमका। झारखंड में अपराधियोंका दुस्साहस कुछ ज्यादा ही बढ़ गया है। दुमका के नगर थाना क्षेत्र में डीआईजी कार्यालय के समीप बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने संथाल परगना मोटर मजदूर संघ के प्रमंडलीय अध्यक्ष अरुण सिंह को गोली मार दी। गोली लगने से अरुण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
अरुण सिंह प्रतिदिन की तरह अपने गिलानपाड़ा स्थित आवास से बाइक पर बस पड़ाव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने उनका पीछा किया और डीआईजी कार्यालय के सामने उन पर दो राउंड फायरिंग कर दी। एक गोली उनकी पीठ में लगी, जिससे वे बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। गोली लगने के बाद उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जबकि हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल अरुण सिंह को तत्काल फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें आसनसोल रेफर कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।
साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। इलाके में नाकेबंदी कर अपराधियों की तलाश तेज कर दी गई है।गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब अरुण सिंह पर जानलेवा हमला हुआ हो। करीब दो वर्ष पहले, 21 अप्रैल 2024 को भी उन पर हमला हुआ था। उस समय पिस्टल में गोली फंस जाने के कारण वे बाल-बाल बच गए थे। ताजा हमले के बाद उनके समर्थकों और स्थानीय लोगों में आक्रोश और चिंता का माहौल है।
अरुण सिंह न केवल मजदूर संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते हैं, बल्कि एक दैनिक अखबार की एजेंसी भी संचालित करते हैं। पुलिस फिलहाल हमले के पीछे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक स्तर पर आपसी रंजिश, पेशेगत विवाद और अन्य संभावित पहलुओं पर भी विचार किया जा रहा है।









