सावधान! रांची में निकाय चुनाव बिगाड़ने वालों की खैर नहीं, तैनात हुए 4000 अतिरिक्त जवान; पल-पल की होगी मॉनिटरिंग
Beware! Those trying to disrupt the local body elections in Ranchi will be in trouble. 4,000 additional personnel have been deployed; they will be monitored minute-by-minute.

रांची: झारखंड में 23 फरवरी को होने वाले रांची नगर निकाय चुनाव को लेकर पुलिस ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। चुनाव के लिए चार हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, जिसमें एक हजार अधिकारी और तीन हजार जवान शामिल हैं। अति संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त जवान तैनात किए जाएंगे ताकि मतदाता किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करें। हर बूथ पर कम से कम चार जवान तैनात रहेंगे, और अति संवेदनशील बूथों पर जिलाबल के जवान भी मौजूद होंगे।
सुरक्षा और निगरानी के लिए रांची पुलिस स्ट्रांग रूम से चुनाव की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखेगी। स्ट्रांग रूम में वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे और मतदान से जुड़ी दिशा-निर्देश जारी करेंगे। रांची सिटी एसपी ने बताया कि स्ट्रांग रूम का देर रात निरीक्षण किया गया और सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। मतदान के लिए पोलिंग पार्टियां पहले से ही अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो रही हैं।
इस बार मतगणना और स्ट्रांग रूम ट्रांसपोर्ट नगर में स्थित किया गया है। इसे रिंग रोड पर स्थानांतरित किया गया है, जबकि पहले यह पंडरा में होता था। मतगणना केंद्र में केवल वैध पासधारियों को प्रवेश मिलेगा और पूरे परिसर पर सीसीटीवी कैमरे और पुलिस बल से निगरानी रखी जाएगी।
23 फरवरी को मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 27 फरवरी सुबह 8 बजे से शुरू होगी। चुनाव प्रचार आज शाम पांच बजे तक ही मान्य रहेगा; इसके बाद कोई सभा या जुलूस नहीं होगा, हालांकि प्रत्याशी डोर टू डोर कैंपेन कर सकते हैं।








