झारखंड : निकाय चुनाव का फाइनल काउंटडाउन…आज शाम थम जाएगा शोर, जानें 23 फरवरी को वोटिंग के लिए क्या हैं खास तैयारी
The final countdown to the civic elections begins! The noise will subside this evening. Learn about the special preparations for voting on February 23rd.

रांची : राज्य में नगर निकाय चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. 23 फरवरी को मतदान निर्धारित है और उससे पहले आज शाम पांच बजे से प्रचार-प्रसार पर पूर्ण विराम लग जाएगा. उम्मीदवार अंतिम दिन पूरी ताकत के साथ घर-घर संपर्क कर मतदाताओं से अपने पक्ष में समर्थन जुटाने में लगे हैं. वार्डों और मोहल्लों में जनसंपर्क अभियान तेज हो गया है.
चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रशासन ने लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके.
हर मतदान केंद्र पर दो कर्मी नियुक्त रहेंगे. मेयर/अध्यक्ष पद और वार्ड पार्षद पद के लिए अलग-अलग मतपेटियां उपलब्ध कराई जाएंगी. मतदान की प्रक्रिया मतपत्र के जरिए संपन्न होगी. जिला प्रशासन ने बताया है कि मतदान सुबह 7 बजे शुरू होकर शाम 5 बजे तक चलेगा. अधिकारियों ने मतदाताओं से अपील की है कि वे समय पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और स्थानीय शासन के गठन में सक्रिय भागीदारी निभाएं.









