क्या भारत बनेगा दुनिया का AI हब? आज PM मोदी करेंगे ‘इंडिया AI इंपैक्स’ का आगाज, मैक्रों की मौजूदगी ने बढ़ाई हलचल
Will India become the world's AI hub? PM Modi will launch the 'India AI Impact' today, and Macron's presence has sparked excitement.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राजधानी दिल्ली स्थित भारत मंडपम में इंडिया एआई इंपैक्ट समिट 2026 का उद्घाटन करेंगे। वह सुबह करीब 9:40 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे और लगभग 10:25 बजे समिट को संबोधित करेंगे। इस वैश्विक आयोजन में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों समेत 20 देशों के राष्ट्राध्यक्ष और 500 से अधिक एआई लीडर हिस्सा ले रहे हैं।
इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी सचिव एस. कृष्णन के अनुसार, गुरुवार (19 फरवरी) को आम लोगों को समिट में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। केवल निमंत्रण पत्रधारक ही कार्यक्रम में शामिल हो सकेंगे। हालांकि, सरकार ने आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए समिट को 21 फरवरी तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। उस दिन सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक लोग कार्यक्रम स्थल पर आ सकेंगे।
इस बीच, ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा भी पांच दिवसीय भारत यात्रा पर दिल्ली पहुंचे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पारंपरिक स्वागत का वीडियो साझा करते हुए भारत के साथ सहयोग, नवाचार और एआई के भविष्य पर चर्चा की बात कही।
समिट का औपचारिक समापन 20 फरवरी को होगा, लेकिन 21 फरवरी को इसे जनता के लिए खोला जाएगा। शाम को प्रधानमंत्री मोदी वैश्विक कंपनियों के सीईओ के साथ राउंडटेबल बैठक में भी हिस्सा लेंगे, जहां एआई क्षेत्र में निवेश और साझेदारी पर चर्चा होगी।









