शिक्षक अभ्यर्थियों की निकली लॉटरी, 1000 से ज्यादा अभ्यर्थियों को मिलेगा नियुक्ति का मौका, आयोग ने जारी की छूट गये अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग व सर्टिफिकेट वैरिफिकेशन की डेट
A lottery has been drawn for teacher candidates, with over 1,000 candidates set to receive appointments. The Commission has released the dates for counseling and certificate verification for those who missed out.

शिक्षकों की नियुक्ति से जुड़ी प्रक्रिया में शामिल एक हजार से अधिक अभ्यर्थियों को शिक्षा विभाग ने काउंसलिंग का अंतिम अवसर प्रदान किया है। पहले विभिन्न कारणों से अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थी 27 फरवरी को निर्धारित स्थल पर अपने दस्तावेजों के साथ उपस्थित हो सकेंगे।
Teacher News : शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में शामिल उन अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है, जो पूर्व में काउंसलिंग में उपस्थित नहीं हो सके थे। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के माध्यम से चयनित एक हजार से अधिक अभ्यर्थियों को शिक्षा विभाग ने काउंसलिंग और दस्तावेज सत्यापन (Verification) का एक बार फिर अवसर दिया है। यह निर्णय विशेष रूप से उन उम्मीदवारों के हित में लिया गया है, जो तकनीकी, व्यक्तिगत या अन्य कारणों से निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं हो पाए थे।
इस संबंध में प्राथमिक शिक्षा निदेशक विक्रम विरकर द्वारा मंगलवार को औपचारिक आदेश जारी किया गया। आदेश के अनुसार, यह अवसर पूर्णतः अंतिम माना जाएगा और इसके बाद किसी भी प्रकार की अतिरिक्त छूट नहीं दी जाएगी।
जानिये किन अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका
शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, काउंसलिंग के इस अंतिम अवसर में विभिन्न श्रेणियों के अभ्यर्थी शामिल हैं। इनमें:
• टीआरई-एक पूरक के 4 अभ्यर्थी
• टीआरई-दो पूरक के 37 डाउटफुल अभ्यर्थी
• मूल प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं करने वाले 11 अभ्यर्थी
• किसी कारणवश काउंसलिंग से वंचित 15 अभ्यर्थी
• सत्यापन के लिए उपस्थित नहीं होने वाले 1045 अभ्यर्थी
स्पष्ट है कि बड़ी संख्या में वे उम्मीदवार शामिल हैं, जो पहले सत्यापन प्रक्रिया में भाग नहीं ले सके थे।
दूरस्थ शिक्षा से डीएलएड करने वाले अभ्यर्थी भी शामिल
इस प्रक्रिया में खुला एवं दूरस्थ शिक्षा (Open & Distance Learning) के माध्यम से प्राथमिक शिक्षा में 18 माह का डीएलएड (Diploma in Elementary Education) पाठ्यक्रम पूरा करने वाले शिक्षक अभ्यर्थियों को भी शामिल किया गया है। इससे ऐसे उम्मीदवारों को राहत मिलेगी, जिनकी पात्रता को लेकर पहले शंकाएं थीं।
अभ्यर्थियों की कब और कहां होगी काउंसलिंग
आदेश के मुताबिक, काउंसलिंग 27 फरवरी को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को उनके आवंटित जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) द्वारा चयनित स्थल पर उपस्थित होना होगा। सभी जिलों में यह प्रक्रिया एक साथ संपन्न की जाएगी।
आवश्यक दस्तावेज लाना अनिवार्य
काउंसलिंग में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक दस्तावेजों की सूची भी जारी की गई है। उम्मीदवारों को निम्नलिखित मूल प्रमाण पत्र साथ लाने होंगे:
• विद्यालय अध्यापक नियुक्ति परीक्षा का मूल प्रमाण पत्र
• मूल आधार कार्ड
• सभी शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण संबंधी प्रमाण पत्र
• सीटेट (CTET) या बीटेट (BTET) उत्तीर्णता प्रमाण पत्र
• पासपोर्ट आकार के तीन फोटोग्राफ
विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना मूल दस्तावेज के उपस्थित होने पर काउंसलिंग मान्य नहीं होगी।
अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर
शिक्षा विभाग के इस निर्णय को अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। बड़ी संख्या में उम्मीदवार, जो अब तक नियुक्ति प्रक्रिया से बाहर होने की आशंका में थे, उन्हें अंतिम मौका मिला है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, यह कदम नियुक्ति प्रक्रिया को पूर्ण एवं विवादमुक्त बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है।









