धनबाद: बच्चा चोरी के शक में दो महिलाओं की पिटाई, भीड़ ने घेरकर जमकर पीटा, पुलिस ने मशक्कत के बाद छुड़ाया…
Dhanbad: Two women suspected of child theft were beaten up by a mob, and were rescued by the police after much effort.

धनबादः झारखंड में बच्चा चोर की घटना पर मॉब लिंचिग की घटना काफी बढ़ गयी है। पिछले दिनों बोकारों में पांच साधुओं की पिटाई हुई थी। अब धनबाद से भी ऐसी ही घटना सामने आ रही है। जिला के बाघमारा थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर बच्चा चोर की शंका में दो महिलाओं की लोगों ने जमकर पिटाई कर दी। घटना बाघमारा थाना क्षेत्र अंतर्गत खानुडीह और हरिणा चौक की बतायी जा रही है।
जानकारी के मुतबिक अलग-अलग जगहों पर दो महिलाओं को बच्चा चोर समझकर पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। हालांकि पुलिस की तत्परता से कोई अनहोनी नहीं हुई। पुलिस ने उग्र लोगों को समझाने-बुझाने की कोशिश की और काफी मशक्कत के बाद दोनों महिलाओं को भीड़ के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस के मुताबिक दो महिलाओं को थाना लाया गया है। जहां से उन्हें अस्पताल भेजा गया। दोनों को बाघमारा सामुदायिक स्वास्थ केंद्र ले जाया गया, दोनों मानसिक रूप से अर्द्धविक्षिप्त बतायी जा रही है। दोनों अपना नाम और पता नहीं बता पा रही हैं। पुलिस इस मामले की जांच पड़ताल कर रही है.
प्रारंभिक जांच में बच्चा चोरी की कोई पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। यदि किसी पर संदेह हो तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, लेकिन कानून हाथ में न लें। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने या किसी के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









