झारखंड: वन विभाग की गाड़ी हुई दुघर्टनाग्रस्त, दो की मौत, 8 घायल, QRT टीम की गाड़ी और कंटेनर में भीषण टक्कर
Jharkhand: Forest department vehicle met with an accident, two dead, 8 injured, QRT team vehicle and container collided fiercely.

Jharkahand Big Accident: वन विभाग की टीम भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे में दो वनकर्मी की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए। घटना हजारीबाग जिले की बताई जा रही है, जहां के चरही एवं आंगो थाना क्षेत्र में हाथियों के बढ़ते आतंक के बीच चरही घाटी में भीषण सड़क दुर्घटना हुई है। इस हादसे में क्यूआरटी टीम के दो सदस्यों की मौत हो गई,जबकि आठ सदस्य घायल हो गए।
घायलों का इलाज शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। यह टीम हाथियों को खदेड़ने के लिए हजारीबाग के चरही जा रही थी।
वन विभाग रामगढ़ के बुलावे पर पश्चिम बंगाल के बांकुरा जिले से 9 सदस्यीय क्यूआरटी टीम हाथियों को खदेड़ने के लिए चरही जा रही थी। इसी दौरान कंटेनर वाहन और क्यूआरटी (QRT) टीम की गाड़ी के बीच टक्कर हो गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए।
मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी पिंटू कर्मकार और वाहन चालक शहादत अंसारी के रूप में हुई है। सभी घायलों और मृतकों को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल हजारीबाग लाया गया, जहां गंभीर रूप से घायलों को रेफर करने की प्रक्रिया जारी है। डीएफओ विकास कुमार उज्ज्वल अस्पताल पहुंचे और घटना पर गहरा दुख जताया।
उन्होंने कहा कि एक टीम हाथियों को खदेड़ने में लगी है, जबकि दूसरी ओर घायलों का इलाज कराया जा रहा है।सड़क दुर्घटना में क्यूआरटी टीम के दो सदस्यों की मौत हो गई है। वहीं कई घायल भी है। उन्होंने कहा कि इस घटना से मर्माहत है।









