सड़कों पर खून का तांडव! व्यापारी को दौड़ा-दौड़ाकर मारी गोलियां, CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर
बवाना में दिनदहाड़े मर्डर से दहली राजधानी, बिश्नोई गैंग से जुड़े नामों ने सोशल मीडिया पर ली जिम्मेदारी

दिल्ली के बवाना इलाके में सोमवार शाम एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई, जिसने राजधानी की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीच सड़क एक व्यापारी को बदमाशों ने पहले दौड़ाया, फिर बेरहमी से गोलियां बरसाकर मौत के घाट उतार दिया। गोली लगते ही व्यापारी सड़क पर गिर पड़ा और कुछ ही पलों में उसकी मौत हो गई।
इस दिल दहला देने वाली घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि गोली लगने के बाद व्यापारी जमीन पर तड़पते हुए गिर जाता है। आसपास मौजूद लोग जब तक उसे संभालकर अस्पताल ले जाने की कोशिश करते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। खुलेआम हुई इस हत्या से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
मृतक व्यापारी की पहचान वैभव गांधी के रूप में हुई है। हत्या के कुछ ही घंटों बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट ने मामले को और ज्यादा सनसनीखेज बना दिया। पोस्ट में खुद को लारेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ा बताने वाले रणदीप मालिक और अनिल पंडित ने इस हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है।
पोस्ट के मुताबिक, बवाना में व्यापारी की हत्या उनके निर्देश पर कराई गई। दावा किया गया कि जिस स्थान पर वारदात हुई, वहां पहले से कॉल की गई थी और व्यापारी की एंट्री होते ही हमला कर दिया गया। पोस्ट में यह भी धमकी दी गई है कि जो भी उनके काम में दखल देगा, उसके खिलाफ बिना किसी चेतावनी के कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, पुलिस इन दावों को लेकर सतर्क है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट की स्वतंत्र रूप से जांच की जा रही है। पुलिस ने CCTV फुटेज कब्जे में ले लिया है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
पुलिस का साफ कहना है कि एक व्यापारी की खुलेआम गोली मारकर हत्या की गई है और किसी आपराधिक गिरोह द्वारा जिम्मेदारी लेने का दावा सामने आया है, लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की असली तस्वीर साफ हो पाएगी। फिलहाल इस वारदात ने दिल्ली की सड़कों पर एक बार फिर डर और खौफ का माहौल पैदा कर दिया है।









