जहां उम्मीदें टूट गई थीं…वहीं कूड़े के ढेर से निकला खजाना…आई हैरान कर देने वाली कहानी..
12 लाख का सोना कचरे में चला गया! एक गलती, एक रात की बेचैनी और फिर पुलिस ने रच दी फिल्मी वापसी

नई दिल्ली।
सोने की कीमतें जिस रफ्तार से आसमान छू रही हैं, उस दौर में 10 ग्राम सोना खरीदना भी सपने जैसा हो गया है। ऐसे में अगर कोई 12 लाख रुपये का सोना कचरे में फेंक दे, तो यकीनन होश उड़ जाएंगे।
लेकिन यह कोई अफवाह नहीं, बल्कि हकीकत है—और वो भी पूरी तरह फिल्मी अंदाज़ में।
यह चौंकाने वाली घटना दुबई की है, जहां एक भारतीय महिला कामिनी कन्नन से अनजाने में ऐसी भूल हो गई कि उनका सालों का जमा किया हुआ सोना कूड़ेदान में चला गया। हैरानी की बात यह है कि कुछ दिन बाद दुबई पुलिस ने वही सोना ढूंढ निकालकर लौटा दिया।
गलती से कूड़ेदान में पहुंचा 12 लाख का खजाना
कामिनी कन्नन करीब 23 साल तक UAE में रहने के बाद 2021 में भारत लौटी थीं। जनवरी के आखिर में वह दुबई में एक शादी में शामिल होने आई थीं। इसी दौरान सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखकर उन्होंने अपने पुराने सोने के निवेश की जांच करने का फैसला किया।
कन्नन ने देखा कि जिस पाउच में वह अपना कीमती सामान रखती थीं, वह फट चुका है। ऐसे में उन्होंने सोने को अस्थायी तौर पर दूसरे पाउच में रख दिया और उसे डाइनिंग टेबल पर रख दिया।
उस पाउच में था—
चार 22 कैरेट सोने के सिक्के (हर एक 8 ग्राम)
एक 50 ग्राम का 24 कैरेट शुद्ध सोने का बार
लेकिन दिन में हुई रूटीन सफाई के दौरान वही पाउच गलती से कचरे के साथ बाहर फेंक दिया गया।
अगली सुबह टूटी उम्मीदें
इस भारी गलती का एहसास अगली सुबह 1 फरवरी को हुआ—ठीक एक दिन पहले, जब कन्नन को वापस लौटना था। पूरे घर में तलाश की गई, लेकिन जब पता चला कि बेटे ने अनजाने में पाउच कूड़े में फेंक दिया, तो उम्मीदें लगभग टूट गईं।
कामिनी कन्नन के मुताबिक, आज उस सोने की कीमत करीब Dh50,000 (करीब 12.32 लाख रुपये) है।
कूड़े के ढेर से निकला सोना, पुलिस का फोन आया
कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। कुछ दिन बाद कन्नन के बेटे के पास दुबई पुलिस का फोन आया। पुलिस उन्हीं चीज़ों के बारे में पूछ रही थी, जिन्हें कन्नन खो चुकी थीं।
दरअसल, दुबई पुलिस कचरा प्रबंधन और जांच में बेहद सिस्टमैटिक तरीके से काम करती है। हर इलाके के कचरे का निरीक्षण किया जाता है। इसी प्रक्रिया के दौरान पुलिस को सोने के सिक्कों और बार से भरा बैग मिल गया।
बाद में कन्नन के बेटे ने सोने की तस्वीरें और बिल दिखाकर पुलिस स्टेशन में पहचान की, जिसके बाद कीमती सोना सुरक्षित रूप से वापस लौटा दिया गया।
ईमानदारी और सिस्टम ने रच दी मिसाल
यह घटना सिर्फ एक गलती की कहानी नहीं, बल्कि यह भी दिखाती है कि ईमानदार सिस्टम और जिम्मेदार पुलिसिंग कैसे किसी की जिंदगी की सबसे बड़ी चिंता को राहत में बदल सकती है।









