झारखंड : नोटों से भरी गाड़ी पकड़ायी, 40 लाख से ज्यादा मिला कैश, चुनाव की चेकिंग के दौरान मिली नोटों की गड्डियां ही गड्डियां…
Jharkhand: A vehicle loaded with currency notes was seized, over Rs 40 lakh in cash was recovered, bundles of notes were found during election checking...

झारखंड में निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन की सख्ती नजर आ रही है। जगह-जगह बैरिकेटिंग कर चेकिंग की जा रही है। लातेहार नगर पंचायत चुनाव के मद्देनज़र सख्त वाहन जांच के दौरान करकट इलाके से 40.02 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत की जा रही इस कार्रवाई से जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है, जबकि प्रशासन निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए सतर्क है।
________________________________________
Jharkhand Big News। चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत जिलेभर में सख्त निगरानी और वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सदर थाना क्षेत्र के करकट इलाके में की गई वाहन जांच के दौरान एसएसटी (स्टैटिक सर्विलांस टीम) ने 40.02 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इतनी बड़ी रकम की बरामदगी के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है और मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत चुनाव को ध्यान में रखते हुए लातेहार नगर पंचायत क्षेत्र सहित प्रमुख मार्गों और प्रवेश बिंदुओं पर बैरिकेडिंग लगाई गई है।
वाहनों की सघन जांच की जा रही है ताकि चुनाव के दौरान अवैध रूप से नकदी, शराब या अन्य प्रलोभन सामग्री के आदान-प्रदान पर रोक लगाई जा सके। इसी दौरान करकट इलाके में एक वाहन को जांच के लिए रोका गया, जहां तलाशी के दौरान 40 लाख 2 हजार रुपये नकद बरामद हुए।
पैसे के स्रोत और गंतव्य की जांच जारी
उपायुक्त (डीसी) उत्कर्ष गुप्ता ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिले में जगह-जगह वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह नकदी बरामद की गई है। डीसी ने स्पष्ट किया कि फिलहाल यह जांच की जा रही है कि यह पैसा कहां से आया है और इसे कहां ले जाया जा रहा था।
साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस राशि का चुनाव से कोई प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध है या नहीं।
उन्होंने कहा कि अगर जांच में यह रकम चुनाव से जुड़ी किसी अवैध गतिविधि में इस्तेमाल होने की बात सामने आती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य पूरी तरह से निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव कराना है।
चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क
लातेहार जिले में नगर पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गर्माया हुआ है। प्रत्याशी और उनके समर्थक मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में चुनाव आयोग और जिला प्रशासन ने किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। जिले के विभिन्न हिस्सों में फ्लाइंग स्क्वॉड, स्टैटिक सर्विलांस टीम और पुलिस बल की तैनाती की गई है।
डीसी उत्कर्ष गुप्ता और पुलिस अधीक्षक (एसपी) कुमार गौरव स्वयं पूरे चुनावी प्रबंधन की निगरानी कर रहे हैं। दोनों अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की आचार संहिता उल्लंघन, अवैध नकदी लेन-देन या मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बरामदगी से बढ़ी राजनीतिक हलचल
40.02 लाख रुपये की बरामदगी के बाद जिले में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह रकम किसकी है और किस उद्देश्य से ले जाई जा रही थी। प्रशासन की ओर से सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। जरूरत पड़ने पर आयकर विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों को भी जांच में शामिल किया जा सकता है।









