ऑनलाइन गेम का खौफनाक सच: एक टास्क… और बुझ गईं तीन जिंदगियां…कहीं आपका बच्चा भी इस जानलेवा गेमिंग जाल में तो नहीं फंसा? माता-पिता अभी हो जाएं सतर्क
सॉरी मम्मी-सॉरी पापा, कोरियन कल्चर. गाजियाबाद में कैसे काल बना कोरियन लवर गेम? सामने आया सुसाइड नोट

गाजियाबाद।
ऑनलाइन गेमिंग जिसे कभी बच्चों के मनोरंजन का जरिया माना जाता था, अब कई घरों में खामोश मौत का कारण बनती जा रही है। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से सामने आई तीन सगी बहनों की दर्दनाक मौत ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। बताया जा रहा है कि ये तीनों बहनें एक ऑनलाइन गेम के खतरनाक टास्क में फंस गई थीं, जिसने उनकी जिंदगी छीन ली।
इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद एक सवाल हर माता-पिता के मन में गूंज रहा है—
कहीं हमारा बच्चा भी मोबाइल की स्क्रीन के पीछे किसी जानलेवा खेल का शिकार तो नहीं हो रहा?
मनोरंजन नहीं, अब खतरे की घंटी बनती ऑनलाइन गेमिंग
कोरोना काल के बाद मोबाइल फोन और ऑनलाइन गेम बच्चों की दिनचर्या का हिस्सा बन चुके हैं। घंटों स्क्रीन से चिपके रहना, बाहर खेलने से दूरी और परिवार से कटाव—यही आज के कई बच्चों की सच्चाई बन गई है। विशेषज्ञों के मुताबिक, अत्यधिक गेमिंग बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को बुरी तरह प्रभावित कर रही है, जिससे चिड़चिड़ापन, गुस्सा, अवसाद और अकेलापन बढ़ रहा है।
तकनीक से करें निगरानी, आंख मूंदना पड़ेगा भारी
बच्चों को स्मार्टफोन देना गलत नहीं, लेकिन बिना निगरानी छोड़ देना खतरनाक हो सकता है। पैरेंटल कंट्रोल, एज रेटिंग और ऐप लिमिट जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल बेहद जरूरी है। माता-पिता को यह भी समझना होगा कि हर गेम बच्चों की उम्र और मानसिक स्थिति के लिए सुरक्षित नहीं होता।
बच्चों के शेड्यूल से रहें पूरी तरह वाकिफ
आपका बच्चा दिनभर क्या कर रहा है?
कितना समय मोबाइल पर बिता रहा है?
क्या वह देर तक कमरे में अकेला रहता है?
इन सवालों के जवाब जानना अब विकल्प नहीं, बल्कि जरूरत बन चुका है। परिवार के साथ समय बिताना, साथ खाना खाना और खुलकर बातचीत करना बच्चों को इस अंधेरे से बाहर ला सकता है।
पहले खुद बदलिए आदत
अगर माता-पिता खुद हर वक्त मोबाइल में डूबे रहेंगे, तो बच्चों को रोक पाना मुश्किल है। बच्चे वही सीखते हैं जो वे देखते हैं। स्क्रीन टाइम कम करने की शुरुआत घर के बड़ों से होनी चाहिए।
हिंसक गेम्स बन रहे दिमाग के दुश्मन
मारपीट, खून-खराबे और हिंसा से भरे गेम बच्चों को आक्रामक और संवेदनहीन बना सकते हैं। माता-पिता को यह जानना जरूरी है कि बच्चा कौन-सा गेम खेल रहा है। जरूरत पड़े तो ऐसे गेम्स को पूरी तरह ब्लॉक करने में देर न करें।
डांट नहीं, प्यार से समझाएं गेमिंग के नुकसान
अचानक गेम बंद कर देना या डांटना उल्टा असर डाल सकता है। बेहतर है बच्चों को शांति से समझाया जाए कि जरूरत से ज्यादा गेम खेलने से आंखों की रोशनी कमजोर, नींद खराब, मोटापा और मानसिक तनाव बढ़ सकता है। प्यार और संवाद से कही गई बात बच्चों के दिल तक पहुंचती है।
तय करें गेमिंग का समय
गेमिंग पर पूरी तरह रोक लगाने के बजाय सीमा तय करें। पढ़ाई और खेलकूद के बाद सीमित समय के लिए गेम खेलने दें। हफ्ते में एक-दो दिन पूरी तरह स्क्रीन-फ्री डे रखें।
बच्चों के साथ समय ही है सबसे बड़ी दवा
अक्सर बच्चे अकेलेपन से बचने के लिए गेम्स की दुनिया में खो जाते हैं। पार्क जाना, साथ वॉक करना, बातें करना और उनके पसंदीदा खेलों में शामिल होना बच्चों को भावनात्मक रूप से मजबूत बनाता है।
बाहर खेलना है जरूरी
खुले मैदान में खेलना बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बेहद जरूरी है। शुरुआत में माता-पिता खुद साथ जाएं। धीरे-धीरे बच्चा स्क्रीन छोड़कर बाहर की दुनिया से जुड़ने लगेगा।
क्रिएटिविटी को दें नई उड़ान
गेम खेलने वाले बच्चों का दिमाग तेज होता है। जरूरत है उसे सही दिशा देने की। पेंटिंग, म्यूजिक, डांस, आर्ट, क्विज और टैलेंट प्रतियोगिताएं बच्चों को गेमिंग से दूर ले जा सकती हैं।
सावधान! लापरवाही बन सकती है जानलेवा
ऑनलाइन गेमिंग को अब हल्के में लेना खतरे से खाली नहीं। समय रहते निगरानी, संवाद और सही मार्गदर्शन ही बच्चों को इस खतरनाक जाल से बचा सकता है। माता-पिता की थोड़ी-सी सतर्कता बच्चों का भविष्य सुरक्षित कर सकती है।









