झारखंड- एक दिन, दो आदेश:: 23 फरवरी को वोटिंग और बोर्ड परीक्षा साथ-साथ कैसे होगी ? ना आयोग मानने को तैयार, ना जैक पीछे हटने को राजी…

Jharkhand - One day, two orders: How will voting and board exams be held simultaneously on February 23rd? Neither the commission is ready to budge, nor is the JAC willing to back down...

झारखंड में नगर निकाय चुनाव और जैक बोर्ड की मैट्रिक–इंटर परीक्षा एक ही दिन 23 फरवरी को निर्धारित है। परीक्षा व चुनाव की तारीख को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग और झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) आमने-सामने हैं। जहां आयोग ने मतदान की तिथि में किसी भी बदलाव से इनकार कर दिया है, वहीं जैक छात्रों की परेशानी का हवाला देते हुए चुनाव की तारीख बदलने की मांग कर रहा है। इस खींचतान से छात्र, अभिभावक और शिक्षक असमंजस में हैं।
________________________________________

रांची।
झारखंड में नगर निकाय चुनाव और मैट्रिक–इंटर परीक्षा की तिथि एक ही दिन पड़ने को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग और झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) के बीच टकराव की स्थिति बन गयी है। दोनों संवैधानिक संस्थाएं 23 फरवरी की तिथि को लेकर आमने-सामने हैं और हालात यह हैं कि दोनों कार्यालयों के बीच बीते कुछ दिनों से लगातार पत्राचार यानी “लेटर वार” चल रहा है।

इस टकराव का सीधा असर लाखों छात्रों, शिक्षकों और परीक्षा व चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मियों पर पड़ने की आशंका है।गौरतलब है कि 23 फरवरी को जैक बोर्ड परीक्षा के अंतिम दिन हिंदी (एक्स्ट्रा), उर्दू, बांग्ला और उड़िया विषयों की परीक्षा निर्धारित है। ऐसे में इस दिन परीक्षा केंद्रों और मतदान केंद्रों के संचालन को लेकर प्रशासनिक चुनौती और बढ़ जाती है।

इस मामले राज्य निर्वाचन आयोग ने अब तक जैक को तीन बार पत्र लिखकर स्थिति स्पष्ट करने और अपनी राय देने को कहा है। इसके बावजूद जैक की ओर से 23 फरवरी को निर्धारित बोर्ड परीक्षा को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।

दूसरी ओर, राज्य निर्वाचन आयोग ने साफ कर दिया है कि घोषित कार्यक्रम के अनुसार नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और अब मतदान की तारीख में बदलाव की कोई गुंजाइश नहीं है।

राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद ने स्पष्ट रूप से कहा है कि चुनाव की घोषणा से पहले आयोग ने झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी), झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) और जैक को पत्र भेजकर उनकी राय मांगी थी।

जेपीएससी और जेएसएससी ने समय रहते अपनी प्रतिक्रिया दे दी, लेकिन जैक की ओर से बार-बार पत्र भेजे जाने के बावजूद कोई स्पष्ट जवाब नहीं आया। ऐसे में आयोग ने नियमानुसार मतदान की तारीख घोषित कर दी और चुनावी प्रक्रिया शुरू कर दी। अब चुनाव कार्यक्रम में बदलाव करना संभव नहीं है।

इधर, जैक ने छात्रों की परेशानी का हवाला देते हुए मतदान की तारीख बदलने का आग्रह किया है। जैक सचिव जयंत कुमार मिश्र ने कहा कि इस संबंध में अध्यक्ष द्वारा राज्य निर्वाचन आयोग को पत्र भेजा गया है और उनकी राय आने के बाद ही कोई अंतिम निर्णय लिया जाएगा। हालांकि, जैक के इस रुख से असमंजस की स्थिति और गहरी होती जा रही है।

मतदान और परीक्षा एक ही दिन होने से अभिभावकों और शिक्षकों में भी नाराजगी है। अभिभावक मंच ने इस पूरे मामले को छात्रों के भविष्य से जुड़ा बताते हुए जैक पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

मंच के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि 23 फरवरी को नगर निकाय चुनाव के साथ-साथ जैक बोर्ड की परीक्षा होना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है। एक ही दिन स्कूलों में मतदान और परीक्षा दोनों कैसे कराई जाएंगी, यह बड़ा सवाल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close