Budget 2026: आम आदमी, किसान और महिलाओं की क्या हैं उम्मीदें
Budget 2026: What are the expectations of the common man, farmers, and women?

नई दिल्ली। इतिहास में पहली बार Budget 2026 रविवार को पेश किया जा रहा है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आम आदमी, किसानों, महिलाओं, युवाओं और टैक्सपेयर्स के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कर सकती हैं। देश के नागरिक इस बजट से महंगाई कम करने और आर्थिक राहत देने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
शिक्षा क्षेत्र की मांग है कि नामांकन बढ़ाने के बजाय गुणवत्ता पर ध्यान दिया जाए। बच्चों को बेहतर भविष्य के लिए सरकारी और प्राइवेट संस्थानों में AI, डिजिटल और स्किल-बेस्ड लर्निंग को शामिल किया जाना चाहिए। ऑनलाइन शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कुशल शिक्षकों की भर्ती आवश्यक है। इसके साथ ही छात्रों के लिए नए रोजगार, स्कॉलरशिप, किफायती स्टूडेंट लोन और स्टूडेंट-केयर फाइनेंसिंग बढ़ाई जानी चाहिए।
किसान अपनी आय बढ़ाने और वित्तीय सुरक्षा के लिए बजट में पीएम किसान सम्मान निधि योजना को 6,000 रुपये से बढ़ाकर 12,000 रुपये करने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा दालों, तिलहन, रबी और खरीफ फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) बढ़ाना, फसल बीमा का प्रीमियम कम करना, स्टोरेज सुविधाएं बढ़ाना और उर्वरकों की कीमतें घटाना भी आवश्यक बताया जा रहा है।
आम आदमी को महंगाई कम करने, GST सुधार और बुनियादी जरूरतों जैसे खाने-पीने, कपड़े और आवास में राहत मिलने की उम्मीद है। महिला उद्यमी क्रेडिट और लोन तक आसान पहुंच, MSME सेक्टर में टैक्स में राहत, कम ब्याज दर और नए रोजगार के अवसर की मांग कर रही हैं। इसके अलावा महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण के लिए बजट में ज्यादा धन आवंटन की उम्मीद है।
टैक्सपेयर्स नए टैक्स सिस्टम में सालाना आय सीमा 12 लाख से बढ़ाकर 14 लाख रुपये करने और स्टैंडर्ड डिडक्शन 75,000 रुपये से बढ़ाकर 1 लाख रुपये करने की मांग कर रहे हैं। इसी तरह पुराने टैक्स सिस्टम के तहत भी छूट बढ़ाने की उम्मीद जताई जा रही है।








