रांची नगर निगम चुनाव: रांची नगर निगम के मेयर और वार्ड पार्षद पदों के लिए नामांकन और पर्चा खरीद की प्रक्रिया लगातार दूसरे दिन भी जारी रही। हालांकि उम्मीदवारों में रुचि दिख रही है, लेकिन नामांकन की गति फिलहाल धीमी बनी हुई है।
दो दिनों में मेयर पद के लिए कुल 11 और पार्षद पद के लिए 322 लोगों ने पर्चा खरीदी है। गुरुवार को मेयर के लिए छह और पार्षद के लिए 211 फॉर्म बिके थे, जबकि शुक्रवार को पांच मेयर और 111 पार्षद फॉर्म खरीदे गए।
अब तक मेयर पद के 11 संभावित उम्मीदवारों में से किसी ने भी नामांकन दाखिल नहीं किया है। वहीं, पार्षद पद के 322 फॉर्म धारकों में शुक्रवार को दो उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। वार्ड दो से सरिता देवी और वार्ड 37 से राहुल कुमार ने अपने नामांकन पत्र जमा किए।
पूर्व पार्षद रमा खलखो के अलावा मेयर पद के लिए शुक्रवार को विनोद कुमार बड़ाइक, तनुत तुलियो तिग्गा, बीरू तिर्की और देवी दयाल मुंडा ने भी पर्चा खरीदी। बुंडू नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए चार लोगों ने पर्चा लिया, जबकि वार्ड पार्षद पद के लिए 13 फॉर्म बिके। अध्यक्ष पद के लिए रितेश कुमार पातर, घासीराम उरांव, राजेश उरांव और कृष्ण मुंडा ने पर्चा खरीदा, लेकिन नामांकन अब तक नहीं हुआ।
वार्डवार पर्चा खरीद की स्थिति इस प्रकार रही: वार्ड 34 में 11 फॉर्म सबसे अधिक बिके, जबकि वार्ड 1, 20, 24, 35, 41, 27 और 12 में सिर्फ एक-एक फॉर्म खरीदी गई।
इस तरह, रांची नगर निगम चुनाव में मेयर पद पर अभी तक नामांकन शून्य है, जबकि पार्षद पद पर कुछ ही उम्मीदवार सक्रिय हुए हैं। प्रशासन और निर्वाचन आयोग नामांकन प्रक्रिया को सुचारू बनाने में लगे हुए हैं।