भारत की कामयाबी पर EU की बड़ी मुहर! गणतंत्र दिवस से पहले वॉन डेर लेयेन का बयान, ट्रेड डील को लेकर क्या होने वाला है?

नई दिल्ली। भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका पर यूरोपियन यूनियन की सबसे ताकतवर आवाज़ ने बड़ा बयान देकर अंतरराष्ट्रीय हलकों में हलचल मचा दी है। यूरोपियन कमीशन की प्रेसिडेंट उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा है कि एक “सफल भारत पूरी दुनिया को अधिक स्थिर, समृद्ध और सुरक्षित बनाता है”। यह बयान ऐसे समय आया है, जब भारत और यूरोपीय संघ के बीच एक ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को लेकर निर्णायक मोड़ माना जा रहा है।
तीन दिन की भारत यात्रा पर आईं वॉन डेर लेयेन ने भारत के गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और इसे अपने जीवन का “अविस्मरणीय सम्मान” बताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि भारत की प्रगति का फायदा केवल भारत को ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को मिलता है।
क्या भारत-EU रिश्तों में होने वाला है बड़ा बदलाव?
वॉन डेर लेयेन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मंगलवार को होने वाली शिखर वार्ता में शामिल होंगी। इसी दौरान भारत-EU शिखर सम्मेलन में दोनों पक्ष बहुप्रतीक्षित फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को लेकर बड़ी घोषणा कर सकते हैं। माना जा रहा है कि यह समझौता करीब दो अरब लोगों का साझा बाजार बनाएगा, जो वैश्विक GDP का लगभग 25 प्रतिशत होगा।
‘सभी सौदों की जननी’ क्यों कहा जा रहा है यह डील?
दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान वॉन डेर लेयेन ने संकेत दिया था कि यह समझौता यूरोप को दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते बाजारों में रणनीतिक बढ़त दिला सकता है। उन्होंने कहा था कि यूरोप भविष्य की आर्थिक महाशक्तियों के साथ व्यापार को प्राथमिकता देना चाहता है — और भारत इस सूची में सबसे आगे है।
कारों के टैरिफ पर बड़ा फैसला संभव
रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत यूरोपीय संघ से आयात होने वाली कारों पर 110% टैरिफ घटाकर 40% करने की तैयारी में है, जिसे आगे चलकर 10% तक लाया जा सकता है। इससे फॉक्सवैगन, मर्सिडीज-बेंज और BMW जैसी यूरोपीय कंपनियों के लिए भारतीय बाजार के दरवाज़े और आसान हो जाएंगे।
भारत-EU व्यापार: आंकड़ों में ताकत
यूरोपीय संघ इस समय भारत का सबसे बड़ा व्यापार साझेदार है। वित्त वर्ष 2023-24 में दोनों के बीच 135 बिलियन अमेरिकी डॉलर का द्विपक्षीय व्यापार दर्ज किया गया। FTA पर बातचीत की शुरुआत 2007 में हुई थी, जो 2013 में रुकी और 2022 में फिर से शुरू हुई।









