गुरु जी के जन्मदिन पर ‘युवा शक्ति’ का संगम: सीएम सोरेन छात्रों से करेंगे दिल की बात, जानें क्या है पूरा एजेंडा

A confluence of 'youth power' on Guruji's birthday: CM Soren will speak to students from his heart, know the full agenda

दिशोम गुरू शिबू सोरेन की 82वीं जयंती इस बार खास होने वाली है. गुरुजी के दूसरे बेटे और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 11 जनवरी को रांची के खेलगांव स्थित टाना भगत इंडोर स्टेडियम में प्रदेश के 5 हजार विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद करेंगे. इस कार्यक्रम में रांची के 4,000, जबकि खूंटी और रामगढ़ जिले में गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना के 500-500 लाभुक हिस्सा लेंगे. ये सभी विद्यार्थी 10वीं और 12वीं कक्षा के होंगे.

11 जनवरी 1944 को नेमरा में जन्में गुरुजी

 

 

गौरतलब है कि शिबू सोरेन का जन्म 11 जनवरी 1944 को रामगढ़ के नेमरा गांव में एक संताल आदिवासी परिवार में हुआ था. शिबू सोरेन ने महाजनी और साहूकारी व्यवस्था के खिलाफ आंदोलन किया. आदिवासी समाज को शिक्षा के लिए प्रेरित किया. नशामुक्ती कार्यक्रम चलाए. राजनीति में आने के बाद वह दुमका लोकसभा सीट से लगातार 8 बार सांसद चुने गए. 3 बार प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे और राज्यसभा के सदस्य भी रहे. वह यूपीए-1 के शासनकाल में केंद्रीय कोयला मंत्री रहे.

4 अगस्त 2025 को 81 वर्ष की आयु में गुरुजी का लंबी बीमारी के बाद देहांत हो गया. 11 जनवरी 2026 को उनकी पहली जयंती है, जिसे खास बनाने में सीएम हेमंत कोई कसर नहीं छोड़ेंगे.

झारखंड आंदोलन और गरीबों के मसीहा

11 जनवरी को शिबू सोरेन के आदिवासी अधिकारों, जंगल, जमीन और झारखंड राज्य के निर्माण के लिए किए गए संघर्ष को याद किया गया और छात्रों को उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया जाएगा. यह दिन उन्हें एक आदिवासी नेता, झारखंड आंदोलन के जनक और गरीबों के मसीहा के रूप में याद करने और उन्हें श्रद्धांजलि देने का अवसर है. इस कार्यक्रम के दौरान गुरूजी क्रेडिट कार्ड योजना के तहत अध्ययनरत छात्रों को योजना का लाभ भी प्रदान किया जायेगा.

कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में

कार्यक्रम को लेकर संबंधित तैयारियां अंतिम चरण में है. राज्य शिक्षा परियोजना निदेशक शशि रंजन ने संबंधित जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक को आदेश जारी कर नोडल पदाधिकारी के तौर पर ज़िम्मा सौंपा गया है. उनकी ज़िम्मेदारी ये सुनिश्चित करना होगा कि स्कूलों से आयोजन स्थल पर बच्चे सुरक्षित पहुंचे और कार्यक्रम खत्म होने के बाद सही सलामत वापस लौटें. इसके लिये जिलास्तर पर बस की सुविधा भी मुहैया करायी जायेगी.

वहीं, शिक्षक दिन के 11 बजे तक विद्यार्थियों को लेकर आयोजन स्थल पर उपस्थित होंगे. इस दौरान मुख्यमंत्री के हाथों कुछ स्टूडेंट्स को गुरूजी क्रेडिट कार्ड का भी वितरण किया जायेगा.

गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना क्या है!

झारखंड सरकार के द्वारा की गई एक पहल है, जो 10वीं पास छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए बैंकों के माध्यम से ₹15 लाख तक का शिक्षा ऋण देती है, जिस पर केवल 4% ब्याज लगता है और राज्य सरकार इसकी गारंटर बनती है, जिससे कोई गारंटी या सिक्योरिटी की आवश्यकता नहीं होती और पढ़ाई पूरी होने के बाद 15 साल तक लोन चुकाने का समय दिया जाता है. लोन लेने पर कोई प्रोसेसिंग फीस नहीं लगती और छात्राओं को अतिरिक्त लाभ भी मिलते हैं.

Related Articles

close