IPS की मौत : हार्ट अटैक के बाद कराया गया अस्पताल में भर्ती, इलाज के दौरान DIG की गयी जान, कई जिलों के एसपी….
IPS officer dies: hospitalized after heart attack, DIG dies during treatment, SPs of several districts...

IPS Death : IPS की हार्ट अटैक से मौत हो गयी। आईपीएस प्रखर पांडेय अभी डीआईजी के पद पर पदस्थ थे। प्रखर पांडेय को कुछ दिन पहले ही हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। छत्तीसगढ़ के आईपीएस प्रखर पांडेय की अस्पताल में उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गयी, जिसके बाद उनका निधन हो गया। प्रखर पांडेय का निधन छत्तीसगढ़ के निजी अस्पताल में हुआ है।
जानकारी के मुताबिक प्रखर पांडेय वर्तमान में पुलिस मुख्यालय, रायपुर में उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी), सीआईडी के पद पर पदस्थ थे। प्रखर पांडेय 1995 बैच के राज्य पुलिस सेवा के अफसर थे, जो पदोन्नत होकर आईपीएस बने थे। वो दुर्ग में अपने परिवार के साथ रहते थे। एक सप्ताह पहले उन्हें अटैक आया था। तड़के करीब 4.15 बजे प्रखर पांडेय ने असहज महसूस किया, जिसके बाद उन्होंने दुर्ग के एसपी विजय अग्रवाल से बात की।
एसपी विजय अग्रवाल खुद अपनी गाड़ी से प्रखर पांडेय के घर पहुंचे और फिर उन्हें लेकर पहले भिलाई के सेक्टर 9 के अस्पताल में भर्ती कराया। स्थिति गंभीर देखते हुए सुबह 9 बजे उन्हें रायपुर के रामकृष्णा अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रखर पांडेयका एक सप्ताह तक इलाज चलता रहा, लेकिन उनकी तबीयत नहीं सुधरी, जिसके बाद उनका निधन हो गया।
लंबा और समर्पित पुलिस सेवा काल
आईपीएस प्रखर पांडेय ने अपने पुलिस सेवा काल में छत्तीसगढ़ के कई महत्वपूर्ण जिलों में जिम्मेदार पदों पर कार्य किया। वे कबीरधाम, सूरजपुर और दुर्ग जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) रह चुके थे। इन जिलों में कार्यकाल के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को जनोन्मुखी बनाने के लिए कई प्रभावी कदम उठाए।
इसके अलावा उन्होंने बिलासपुर और राजनांदगांव जैसे महत्वपूर्ण जिलों में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के रूप में भी सेवाएं दीं। उनके कार्यकाल को ईमानदारी, अनुशासन और संवेदनशील प्रशासन के लिए हमेशा याद किया जाएगा। सहकर्मी अधिकारियों के अनुसार, वे कठिन परिस्थितियों में भी शांत रहकर निर्णय लेने वाले अधिकारी थे और अधीनस्थ कर्मचारियों का मार्गदर्शन करने में विश्वास रखते थे।
सहकर्मियों और संगठनों ने दी श्रद्धांजलि
उनके निधन पर छत्तीसगढ़ सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी कल्याण संघ सहित कई सामाजिक और पुलिस संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें एक कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार और संवेदनशील पुलिस अधिकारी बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। कई अधिकारियों ने कहा कि प्रखर पांडेय न केवल एक कुशल प्रशासक थे, बल्कि मानवीय दृष्टिकोण रखने वाले ऐसे अधिकारी थे, जो पुलिस और आम जनता के बीच भरोसे की कड़ी बने रहे।









