झारखंड निकाय चुनाव: हाईकोर्ट के आदेश के बाद हेमंत सरकार की बड़ी घोषणा, जानिए कब होंगे चुनाव?
Jharkhand civic elections: After the High Court order, Hemant government makes a big announcement, know when will the elections be held?

झारखंड निकाय चुनाव अपडेट: राज्य में नगर निकाय चुनाव कराने का रास्ता अब लगभग साफ हो गया है। चुनाव आयोग ने दूसरे चरण के Special Intensive Revision (SIR) की सूची जारी की है, जिसमें झारखंड को शामिल नहीं किया गया है। इसका अर्थ यह है कि राज्य में अब निकाय चुनाव कराने में कोई तकनीकी बाधा नहीं है।
सूत्रों के अनुसार, झारखंड समेत वे राज्य जहां हाल ही में या आने वाले महीनों में निकाय या पंचायत चुनाव प्रस्तावित हैं, उन्हें अब तीसरे चरण के SIR में रखा जाएगा। वहीं, झारखंड में अक्टूबर 2024 तक की मतदाता सूची को ही आधार मानकर आगामी निकाय चुनाव कराए जाएंगे।
राज्य के कई शहरी निकायों की अवधि अप्रैल 2023 में समाप्त हो चुकी है, लेकिन चुनाव नहीं हो सके थे। अब राज्य निर्वाचन आयोग चुनाव की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में है।
झारखंड हाईकोर्ट ने भी इस दिशा में सख्ती दिखाई है। अदालत ने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि वह तीन सप्ताह के भीतर राज्य निर्वाचन आयोग को चुनाव कराने की अनुशंसा भेजे। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया है कि अब किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार्य नहीं होगी।
इसी बीच, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग ने OBC आरक्षण से जुड़ी ट्रिपल टेस्ट प्रक्रिया अगस्त 2025 में पूरी कर ली है। इस कारण अब आरक्षण को लेकर भी कोई अड़चन नहीं है।
सूत्रों के अनुसार, सभी कानूनी और प्रशासनिक तैयारियों को देखते हुए जनवरी 2026 में झारखंड निकाय चुनाव कराए जा सकते हैं। इस बीच, मामले पर हाईकोर्ट में नवंबर 2025 में अगली सुनवाई होगी, जहां चुनाव की संभावित तारीखों पर अंतिम स्थिति स्पष्ट हो सकती है।









