झारखंड : JSSC CGL पेपर लीक केस…CID की बड़ी कार्रवाई, गिरफ्तार हुआ बड़ा अधिकारी, आज हाईकोर्ट में होगी सुनवाई!
Jharkhand: JSSC CGL paper leak case...major action by CID, senior officer arrested, hearing to be held in High Court today!

JSSC CGL Paper Leak Case में जांच लगातार गहराती जा रही है। झारखंड CID ने बड़ा एक्शन लेते हुए वित्त विभाग के सेक्शन ऑफिसर संतोष कुमार मस्ताना को गिरफ्तार किया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने प्रश्न पत्र लीक की अफवाह फैलाने और फर्जी जानकारी साझा करने का काम किया।
CID सूत्रों के अनुसार, संतोष मस्ताना ने दावा किया था कि उन्हें किसी अज्ञात व्यक्ति ने परीक्षा का “लीक प्रश्न पत्र” भेजा था। उन्होंने यह कथित साक्ष्य झारखंड हाईकोर्ट में भी जमा कराया था। लेकिन CID की जांच में बड़ा खुलासा हुआ — जिन प्रश्न पत्रों को “लीक” बताया जा रहा था, वे असल में सिर्फ अनुमानित प्रश्नों (गेस पेपर) का संकलन थे। इन्हीं पेपरों के जरिए कुछ लोगों ने अभ्यर्थियों से लाखों रुपये की ठगी की थी।
अब CID मस्ताना को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी, ताकि यह पता चल सके कि क्या इस अफवाह के पीछे कोई संगठित नेटवर्क या अंदरूनी साजिश थी।
उधर, इस पूरे मामले की सुनवाई झारखंड हाईकोर्ट में जारी है। अभ्यर्थियों ने CBI जांच की मांग करते हुए याचिका दायर की है। फिलहाल कोर्ट ने CGL परीक्षा के परिणाम पर रोक लगा रखी है, और इस रोक को हटाने से जुड़ी याचिका पर 29 अक्टूबर को सुनवाई होगी।
गौरतलब है कि JSSC CGL परीक्षा 21 और 22 सितंबर 2024 को हुई थी। परीक्षा के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर पेपर लीक की खबरें फैल गईं, जिससे हजारों अभ्यर्थी सड़कों पर उतर आए थे। लेकिन अब CID की जांच से यह स्पष्ट होता जा रहा है कि “पेपर लीक” दरअसल एक सोची-समझी ठगी की साजिश थी।









