झारखंड में छठ पर दर्दनाक घटना: छठव्रती महिला ने जैसे ही लगायी डुबकी, चली गयी जान, मच गया हड़कंप
Tragic incident during Chhath in Jharkhand: Chhath Vrat woman lost her life as soon as she took a dip, causing panic

Jharkhand News: एक तरफ जहां पूरा देश छठ पूजा के उत्साह में जुटा है,तो वहीं दूसरी तरफ हजारीबाग जिले से बड़ी दुखद खबर आयी है। केरेडारी थाना क्षेत्र में छठ पूजा के दौरान एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। छठव्रती महिला मम्पी कुमारी की अर्घ्य देने के दौरान अचानक मौत हो गई।
मृतका की पहचान मम्पी कुमारी (पिता बुधन साव) के रूप में हुई है, जो अपने मायके में छठ व्रत कर रही थीं।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रविवार की सुबह अर्घ्य देने के दौरान जैसे ही उन्होंने नदी में डुबकी लगाई, अचानक से बेहोश होकर गिर पड़ीं। परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उन्हें बाहर निकाला और तत्काल एंबुलेंस से केरेडारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार को नहीं था कोई अंदेशा
परिजनों के मुताबिक मम्पी पूरी तरह स्वस्थ थीं और पिछले कई वर्षों से छठ व्रत करती आ रही थीं। शनिवार की रात खरना के अवसर पर उन्होंने परिवार और रिश्तेदारों के साथ प्रसाद ग्रहण किया था और देर रात तक बातचीत करती रहीं। रविवार की सुबह भी उन्होंने ठेकुआ का प्रसाद बनाया और घाट जाने की तैयारी की। लेकिन घाट पहुंचते ही यह हादसा हो गया।परिजनों का कहना है कि मम्पी ने कभी किसी तरह की बीमारी या तकलीफ की शिकायत नहीं की थी। अचानक हुई इस मौत ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है।
पोस्टमार्टम से इनकार, बीमारी की आशंका
केरेडारी थाना प्रभारी ने बताया कि महिला अपने मायके में पूजा करने के लिए आई थीं, जबकि उनकी ससुराल हजारीबाग के कटकमदाग प्रखंड में है। प्राथमिक जांच में यह मामला दिल का दौरा पड़ने का लग रहा है। परिजन पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर चुके हैं और शव को घर ले जाया गया है।
थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि रविवार को ही केरेडारी क्षेत्र में दो बच्चियों की मौत हुई थी, और अब दो दिनों के भीतर यह तीसरी मौत है, जिससे इलाके में भय और दुख का माहौल है।
गांव में पसरा सन्नाटा, छठ घाट पर शोक की लहर
घटना की खबर फैलते ही गांव में सन्नाटा छा गया। जहां एक ओर श्रद्धालु सूर्य को अर्घ्य देने की तैयारी कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर घाट पर मातम पसरा हुआ था। स्थानीय लोगों ने कहा कि इस तरह का हादसा उन्होंने पहले कभी नहीं देखा था।








