झारखंड में नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले आरोपी का किडनैप, 40 लाख की मांगी थी फिरौती, जानिये क्या है पूरा मामला
A fraudster was kidnapped in Jharkhand for promising jobs and demanded a ransom of ₹40 lakh. Find out the full story.

कोडरमा। नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले बोकारो निवासी अजय सिंह उर्फ राहुल कुमार का किडनैप कर लिया गया। आरोप है कि ठगी के शिकार युवकों ने ही आरोपी को बंधक बनाया था। सतगावां पुलिस ने तकनीकी सहयोग और ग्रामीणों की मदद से अभियान चलाकर उसे ईटाय जंगल से सकुशल बरामद कर लिया। अपहरणकर्ताओं ने राहुल के परिजनों से 40 लाख रुपये की फिरौती भी मांगी थी।
कई शिक्षित युवकों से बड़ी ठगी
बताया जा रहा है कि अजय सिंह उर्फ राहुल कुमार ने पोस्ट ऑफिस, बैंक और अन्य सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर सतगावां क्षेत्र के कई शिक्षित युवकों से बड़ी रकम वसूल की थी। इन पीड़ितों में सतगावां निवासी अंजन कहार, अविनाश कुमार और सलारी निवासी सोनू शामिल हैं। तिलैया क्षेत्र के लगभग आधा दर्जन छात्र भी इस ठगी का शिकार हुए।
समय बीतने के बावजूद जब युवकों को नौकरी नहीं मिली और अजय सिंह पैसे लौटाने में असमर्थ रहा, तो उन्होंने आरोपी से अपने पैसे वापस मांगना शुरू किया। इसके बाद पीड़ित युवकों ने राहुल को बरही बुलाकर अपने जाल में फंसाया।
पुलिस की कार्रवाई और अपहरणकर्ता पकड़े गए
इस दौरान जब राहुल एक किराए की स्कॉर्पियो से बरही पहुँचा, तो युवकों ने उसे जबरन अगवा कर सतगावां के घने ईटाय जंगल में ले गए। मामले की जानकारी मिलते ही सतगावां पुलिस हरकत में आई और तकनीकी सहायता से अपहृत का लोकेशन ट्रैक किया।प्राप्त लोकेशन के आधार पर पुलिस ने घाघरा नदी के किनारे खड़ी स्कॉर्पियो को देखा और संदेह जताया। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।
छह लोगों को हिरासत में लिया
थाना प्रभारी सौरव कुमार शर्मा के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में अंजन कहार, अविनाश कुमार, राहुल कुमार समेत छह लोगों को हिरासत में लिया गया। साथ ही अपहृत अजय उर्फ राहुल को सकुशल बचाया गया। सभी को सतगावां थाना लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की गई।









