झारखंड में एक प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत: गर्लफ्रेंड के घर पर मिली ब्वायफ्रेंड की लाश, बेरहमी से ली गयी जान, इलाके में तनाव आगजनी
A tragic love story ends in Jharkhand: Boyfriend's body found at girlfriend's home, brutally murdered, tension and arson in the area.

धनबाद। प्रेमिका के घर पर प्रेमी की लाश मिलने की खबर से हड़कंप मच गया। वारदात की सूचना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गयी। पुलिस को भी शव को कब्जे में लेने में काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा। पूरा मामला धनबाद जिले के गोमो थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव का है।
जानकारी के मुताबिक 32 वर्षीय युवक कपिल कुमार राय की प्रेम प्रसंग के चलते बेरहमी से जान ली गयी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को प्रेमिका के घर में ही छिपाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने घटना का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी गंगा ठाकुर, जो मृतका की प्रेमिका का नाना और रेलवे का रिटायर्ड कर्मचारी है, को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि प्रेमी कपिल कुमार राय गुरुवार की रात से ही लापता था। परिजन उसकी लगातार खोजबीन कर रहे थे। इस बीच परिजनों को जानकारी मिली कि कपिल को आखिरी बार गंगा ठाकुर के घर में देखा गया था। संदेह होने पर गांव के कुछ युवक वहां पहुंचे और जबरन घर में घुसे।
अंदर का नजारा देखकर सभी सन्न रह गए — फर्श पर खून फैला हुआ था और कपिल का शव लहूलुहान पड़ा था।सूचना मिलते ही तोपचांची और हरिहरपुर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन शव को कब्जे में लेने के दौरान ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए धनबाद एसएनएमएमसीएच भेज दिया।
हत्या में तीन से चार लोगों के शामिल होने की आशंका
पुलिस के अनुसार, कपिल की हत्या अत्यंत बेरहमी से की गई है। शव की जांच में पाया गया कि उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे और गर्दन के पीछे धारदार हथियार से कई बार वार किया गया था। पीठ और शरीर पर गहरे घाव के निशान मिले हैं। पुलिस को शक है कि हत्या में तीन से चार लोग शामिल हो सकते हैं।
अधिकारियों ने बताया कि हत्या के बाद शव को छिपाने का प्रयास किया गया, जिससे प्रतीत होता है कि आरोपियों ने योजना बनाकर यह वारदात की।
ग्रामीणों का गुस्सा फूटा, आरोपी की बाइक जलाई
जब पुलिस शव का पंचनामा करने लगी, तो बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जमा हो गए और आक्रोशित भीड़ ने आरोपी गंगा ठाकुर की बाइक में आग लगा दी। भीड़ का कहना था कि सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। स्थिति बेकाबू होने लगी तो पुलिस को ग्रामीणों को नियंत्रित करने में काफी कठिनाई हुई।दोपहर ढाई बजे शुरू हुआ हंगामा देर रात तक चलता रहा। बाद में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के हस्तक्षेप से स्थिति नियंत्रण में आई।
प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद, पहले भी हो चुका था समझौता
पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ कि हत्या प्रेम प्रसंग से जुड़ी हुई है। मृतक कपिल विवाहित था और छह महीने के एक पुत्र का पिता था। वह एक युवती से प्रेम करता था, जो अपने ननिहाल हरिहरपुर में रहकर पढ़ाई करती थी। इस प्रेम संबंध को लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
करीब एक माह पहले पंचायत सचिवालय में दोनों परिवारों के बीच सामाजिक समझौता भी हुआ था, लेकिन तनाव बना रहा। लड़की के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे और कपिल के विवाहित होने के कारण अत्यधिक नाराज भी थे। पुलिस का मानना है कि इसी विवाद के चलते यह हत्या की गई है।









