झारखंड : सदर अस्पताल में क्षमता से अधिक मरीजों का बोझ…नए भवन की मांग तेज़
Jharkhand: Sadar Hospital is overburdened with patients...demand for a new building is growing

झारखंड की राजधानी रांची का सदर अस्पताल बीते चार सालों में पूरी तरह से बदला हुआ नजर आने लगा है. अब सदर अस्पताल को लोग झारखंड का सुपर स्पेशियलिटी सेंटर कहने लगे हैं. ऑन्कोलॉजी,कार्डियोलॉजी ,नेफ्रोलॉजी समेत एक दर्जन से ज्यादा सुपर स्पेशियलिटी विभाग यहां सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं. बेहतर इलाज और बढ़ते मरीजों की सुविधा को नजर में रखते हुए करीब 300 बेडेड नई बिल्डिंग का उद्घाटन किया गया था.
विभाग से मंजूरी मिलते ही डीपीआर तैयार कराने का काम शुरू हो जाएगा.
यह बिल्डिंग भी अब पूरी तरह से फुल हो चुकी है. नए मरीजों को भर्ती कराने की जगह नहीं बच पा रही है. अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि हरदिन लगभग 20 से ज्यादा मरीजों को रिम्स रेफर करना पड़ रहा है. ऐसे में मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रबंधन विभाग से नई बिल्डिंग की मांग कर रहा है. इसके लिए जिला स्वास्थ्य समिति ने जगह भी सुनिश्चित कर ली है. बताया जा रहा है कि विभाग से मंजूरी मिलते ही डीपीआर तैयार कराने का काम शुरू हो जाएगा.
हर विभाग में 50 से 80 मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं
कहा जा रहा है कि सुपर स्पेशियलिटी विभागों में मरीजों की संख्या उम्मीद से कई गुना अधिक हो गयी है. ओपीडी में हर विभाग में रोजाना 50 से 80 मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं. कई बार तो यह संख्या 100 से ज्यादा पहुंच जाती हैं.ऐसे में हरदिन बेड फुल रहने की वजह से गंभीर मरीजों को तुरंत भर्ती करना मुश्किल हो रहा है. कई बार इमर्जेंसी में मरीजों को सीधे रिम्स भर्ती करना पड़ रहा है.









