झारखंड : विधायक प्रतिनिधि की पत्नी की दुष्कर्म के बाद हत्या, आरोपी करीबी रिश्तेदार ही निकला, गिरफ्तार

Jharkhand Crime News : झारखंड में विधायक प्रतिनिधि मनोज यादव की पत्नी रिंकी देवी की जंगल में हत्या कर शव छिपा दिया गया था। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर रिश्तेदार ही निकले हत्यारे लक्ष्मण यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पहले महिला से दुष्कर्म किया और फिर कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी।

पूरा मामला झारखंड के लातेहार जिले का है। यहां विधायक प्रतिनिधि मनोज यादव की पत्नी रिंकी देवी (35 वर्ष) की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। आरोपी कोई और नहीं बल्कि महिला का रिश्तेदार ही निकला, जिसने पहले दुष्कर्म किया और फिर घटना छिपाने के लिए उसकी हत्या कर शव को जंगल में झाड़ियों में छुपा दिया।

दातून तोड़ने गई थी महिला
पूरी घटना 26 सितंबर की है, जब रिंकी देवी सुबह-सुबह अपने गांव से थोड़ी दूर जंगल में दातून तोड़ने गई थी। लेकिन देर शाम तक वह घर नहीं लौटी। परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन यानी 27 सितंबर को पुलिस और ग्रामीणों की मदद से जब खोजबीन शुरू हुई तो जंगल से महिला का शव बरामद हुआ।

पुलिस जांच और आरोपी की पहचान
घटना गंभीरता को देखते हुए एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले। संदेह के आधार पर पुलिस ने बारेसांड निवासी लक्ष्मण यादव को हिरासत में लिया। शुरू में वह पुलिस और ग्रामीणों को गुमराह करने की कोशिश करता रहा, लेकिन कड़ी पूछताछ में उसने अपना अपराध कबूल कर लिया।

कैसे दिया वारदात को अंजाम
डीएसपी शिवपूजन बहेलिया ने बताया कि आरोपी जंगल में अपने पालतू जानवरों के लिए चारा लेने गया था। वहां उसने रिंकी देवी को अकेला देखा और उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। जब महिला ने शोर मचाया और ग्रामीणों को बताने की धमकी दी, तो आरोपी ने पास में रखी कुल्हाड़ी से उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को जंगल की झाड़ियों में छिपा दिया।

आरोपी का छलावा और ड्रोन से खुला राज
हत्या के बाद लक्ष्मण यादव ग्रामीणों के साथ महिला को ढूंढने का नाटक करता रहा। वह लोगों को भटकाने के लिए बार-बार कहता रहा कि महिला काफी दूर जंगल में चली गई होगी। ग्रामीण उसकी बात मानकर दूर-दूर तक तलाश करते रहे। लेकिन पुलिस ने जब ड्रोन की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया तो उसी जगह महिला का शव मिला, जो आरोपी के बाड़े के नजदीक था।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी पहले दिन से ही गुमराह करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन वैज्ञानिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों ने उसका भंडाफोड़ कर दिया।

Related Articles