झारखंड: दोनों बेटों को स्कूल भेजकर महिला ने किया फेसबुक LIVE, अपनी कहानी बताकर, उठा लिया ऐसा कदम, सुनकर सब रह गये सन्न

Jharkhand News : बच्चे गये थे स्कूल, महिला फेसबुक पर LIVE आकर अपनी जान दे दी। सोशल मीडिया पर इस खबर को लेकर तीखी प्रतिक्रिया सामने आ रही है। घटना झारखंड जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र स्थित फार्म एरिया में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसमें 28 वर्षीय मालती देवी ने अपने घर में फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया।
ये पूरी घटना क्वार्टर संख्या 16/19 में हुई, जहां महिला ने इंटरनेट पर लाइव वीडियो के माध्यम से अपने दुख और आपबीती साझा की। सूचना के अनुसार, घटना के समय महिला घर पर अकेली थी। उसका पति, सहदेव यादव, जो टाटा स्टील में ठेका कर्मी के रूप में कार्यरत हैं, ड्यूटी पर थे। उनके दोनों बच्चे स्कूल गए हुए थे। इसी दौरान महिला ने इस अत्यंत दुखद कदम का रास्ता अपनाया।
लाइव वीडियो में मालती देवी ने अपने पति को इस कदम के लिए जिम्मेदार ठहराया। महिला ने बताया कि सात दिन पहले उनके बीच विवाद हुआ था और वह लगातार प्रताड़ित हो रही थी। वीडियो में वह अपने पति पर मानसिक और भावनात्मक दबाव डालने का आरोप लगाती हुई दिखाई दी। घटना का पूरा वीडियो मोबाइल में कैद हो गया है।
मालती देवी के मृत्युसूचना मिलते ही उनके स्वजन अस्पताल पहुंचे। मृतका के फुफेरे भाई, मनोहर कुमार ने पुलिस को बताया कि बहन की शादी 2013 में सहदेव यादव से हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। उनका मायका झारखंड के गिरिडीह जिले के सरिया थाना के खैराबाद ग्राम में है, जबकि ससुराल कोडरमा जिले में स्थित है। मालती देवी कदमा में अपने पति और बच्चों के साथ रहती थीं। भाई ने यह भी बताया कि बहन ने घर पर किसी से इस विवाद की जानकारी साझा नहीं की थी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मृतका के पति ने पुलिस को बताया कि जब वह ड्यूटी से घर लौटे, तो पत्नी को फंदे से लटका पाया और तुरंत उसे फंदे से उतारकर टीएमएच ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से ही पुलिस मृतका के पति से पूछताछ कर रही है।
अब तक मामले में मायके की ओर से पति के विरुद्ध कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी। इस घटना ने स्थानीय लोगों में शोक और चिंता की स्थिति पैदा कर दी है।