रांची में प्रिंस खान की धमक: 10 करोड़ की मांगी रंगदारी, परिवार को जान का खतरा…पुलिस के लिए चुनौती
Ranchi: Builder Krishna Gopalka extorted Rs 10 crore, family in danger...preparations to increase security

Ranchi:राजधानी रांची में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शहर के प्रतिष्ठित कारोबारी कृष्ण गोपालका को दुबई से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। धमकी देने वाले ने खुद को प्रिंस खान, दुबई बताया और कहा कि अगर रकम नहीं दी गई, तो कारोबारी और उनके बेटे को गोली मार दी जाएगी।
झारखंड की राजधानी रांची में बिल्डर और फाइनांसर कृष्ण गोपालका को 10 करोड़ रुपये की रंगदारी और जान से मारने की धमकी मिली है। कृष्ण गोपालका और उनके परिवार ने लालपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई है, और पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। इस तरह की घटनाएं कोयला राजधानी धनबाद में तो आम हो गई है परंतु रांची में प्रिंस खान के नाम की धमकी पुलिस के लिए चुनौती बन गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 14 सितंबर को दोपहर करीब 2 बजे कृष्ण गोपालका के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर 9163475471 से व्हाट्सएप वीडियो कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को प्रिंस खान बताया और धमकी दी कि रंगदारी न देने पर जान से मार दिया जाएगा। इसके बाद 10 करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग मैसेज के जरिए की गई।
कृष्ण गोपालका ने नंबर ब्लॉक किया, लेकिन 15 सितंबर को दूसरे नंबर 447449856308 से धमकी भरे मैसेज और रिकॉर्डिंग भेजी गई। इसमें उनके घर और ऑफिस का वीडियो भी भेजा गया, जिससे पता चलता है कि उनके खिलाफ निगरानी की जा रही है।
उनके बेटे को भी व्हाट्सएप कॉल और मैसेज किए गए, जिसमें हथियार से गोली चलाने का वीडियो भेजा गया और चेतावनी दी गई कि अगर पिता फोन अनब्लॉक नहीं करेंगे तो दोनों की जान खतरे में होगी। इस धमकी से परिवार सदमे में है।
पुलिस ने कृष्ण गोपालका की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है और आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए विशेष टीम काम कर रही है। स्थानीय प्रशासन भी सुरक्षा बढ़ाने की तैयारी में है, ताकि कृष्ण और उनके परिवार को सुरक्षित रखा जा सके।









