अंचलाधिकारी-दारोगा निकले घूसखोर: 2 लाख रुपये रिश्वत लेते सीओ और डाटा इंट्री आपरेटर रंगे हाथों गिरफ्तार, 20 हजार घूस लेते दारोगा जी भी धराये
Circle officer and sub-inspector turned out to be bribe takers: CO and data entry operator caught red handed while taking bribe of Rs 2 lakh, sub-inspector also caught while taking bribe of Rs 20 thousand

Big News: घूसखोरों पर फिर एक बार बड़ी कार्रवाई हुई है। दो लाख रुपये रिश्वत लेते जहां अंचलाधिकारी और उसके डाटा इंट्री आपरेटर को पकड़ा गया है, तो वहीं दारोगा सिर्फ 20 हजार रुपये चक्कर में गिरफ्तार हो गये। मामला बिहार का है, जहां निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने दो बड़ी कार्रवाई की है।
बेगूसराय और मधेपुरा जिलों में छापेमारी कर तीन भ्रष्ट लोक सेवकों को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। बेगूसराय में अंचलाधिकारी और डाटा इंट्री ऑपरेटर को 2 लाख रुपये की घूस के साथ पकड़ा गया, जबकि मधेपुरा में दारोगा को 20 हजार रुपये लेते दबोचा गया।इनमें बेगूसराय के डंडारी अंचलाधिकारी राजीव कुमार और डाटा इंट्री ऑपरेटर कुंदन कुमार के साथ-साथ मधेपुरा के मथाही पुलिस शिविर थाना नगर के दारोगा मितेंद्र प्रसाद मंडल शामिल हैं।
बेगूसराय में दो लाख की घूसखोरी का खुलासा
इस वर्ष की अब तक की कार्रवाइयों को मिलाकर निगरानी ब्यूरो का यह 62वां और 63वां सफल ट्रैप ऑपरेशन है।निगरानी ब्यूरो को शिकायत मिली थी कि डंडारी थाना क्षेत्र के ग्राम बाक निवासी विजय कुमार चौरसिया से अंचलाधिकारी राजीव कुमार और डाटा इंट्री ऑपरेटर कुंदन कुमार रिश्वत की मांग कर रहे हैं। आरोप था कि तीन भाइयों के नाम से जमाबंदी की अलग-अलग रसीद काटने के एवज में दोनों ने 2 लाख रुपये की घूस मांगी।
शिकायत की सत्यता जांचने के बाद निगरानी टीम ने जाल बिछाया। मंगलवार को जैसे ही दोनों अधिकारी रुपये स्वीकार कर रहे थे, डीएसपी अरुणोदय पांडेय के नेतृत्व में गठित धावा दल ने उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।
मधेपुरा में दारोगा 20 हजार रुपये के साथ गिरफ्तार
इसी दिन दूसरी कार्रवाई मधेपुरा में हुई। मठाई बेरवा गांव निवासी वकील कुमार यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मथाही पुलिस शिविर थाना नगर के दारोगा मितेंद्र प्रसाद मंडल उनके पुत्र अंकित कुमार के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी से नाम हटाने के लिए 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहे हैं।
निगरानी ने आरोप की पुष्टि के बाद डीएसपी संजय कुमार के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की। मंगलवार को जब दारोगा मितेंद्र प्रसाद मंडल रिश्वत की रकम ले रहे थे, तभी उन्हें कार्यालय से ही दबोच लिया गया। फिलहाल उनसे पूछताछ जारी है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।









