झारखंड: थाने में मच गया हड़कंप, प्रेमिका व सहेली की हत्या करने वाले आरोपी ने थाने में खुद का काटा गला
Jharkhand: There was a commotion in the police station, the accused who murdered his girlfriend and friend slit his own throat in the police station

गिरिडीह। दो महिलाओं की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी श्रीकांत चौधरी ने थाना परिसर में ही आत्महत्या का प्रयास किया। उसने धारदार हथियार से अपना गला रेत लिया। गंभीर रूप से घायल आरोपी को पहले प्रखंड अस्पताल और फिर गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर किया गया। जहां उसकी मौत हो गई। दरअसल गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र में दो महिलाओं की हत्या हुई थी।
घटना गावां थाना के अंदर घटी, जिसने पूरे पुलिस महकमे को सकते में डाल दिया है। नीमाडीह गांव की दो महिलाएं—सोनी देवी और रिंकू देवी—4 सितंबर से लापता थीं। उनकी खोजबीन के दौरान पुलिस को शक हुआ कि श्रीकांत चौधरी का इस मामले से संबंध है। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर श्रीकांत ने अपना जुर्म कबूल किया और उसकी निशानदेही पर दोनों महिलाओं के शव जंगल से बरामद किए गए। पुलिस मंगलवार शाम उसे जेल भेजने की तैयारी कर रही थी।
जेल भेजने से पहले उठाया खौफनाक कदम
श्रीकांत को सबसे पहले खोरीमहुआ अनुमंडल में आयोजित एक प्रेस वार्ता में ले जाया जाना था, जहां पुलिस हत्या कांड का खुलासा करने वाली थी। इसी बीच थाना परिसर में ही आरोपी ने अचानक धारदार सामान उठाया और अपना गला रेत लिया। इससे पूरे थाना परिसर में अफरातफरी मच गई।
गंभीर हालत में अस्पताल रेफर
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी घायल श्रीकांत को लेकर गावां प्रखंड अस्पताल पहुंचे। वहां के चिकित्सकों ने उसकी हालत को गंभीर बताया और बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उसकी मौत हो गई।
खोरीमहुआ एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि पूरे मामले पर कड़ी नजर रखी जा रही है और विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि आरोपी के पास धारदार वस्तु आखिर कैसे पहुंची और सुरक्षा में चूक कहां हुई।









