हैरान कर देने वाली घटना: 15 दिन के मासूम को मां ने क्यों रख दिया फ्रिज में? रोने की आवाज ने खोला राज़…

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 23 वर्षीय महिला ने अपने सिर्फ 15 दिन के दुधमुंहे बेटे को फ्रिज में रख दिया और खुद सोने चली गई। बच्चे की जिंदगी बचाई उसकी दादी ने, जो अचानक फ्रिज से आती रोने की आवाज सुनकर चौक गईं।
फ्रिज से निकला मासूम
कटघर थाना क्षेत्र के जब्बार कॉलोनी करुला में रहने वाले परिवार में यह घटना 5 सितंबर को हुई। महिला का पति पीतल कारीगर है और 15 दिन पहले ही उनके घर बेटे का जन्म हुआ था। उसी रात महिला ने अचानक मासूम को फ्रिज में डाल दिया।
बच्चा ठंड से रोने लगा, तभी दूसरे कमरे में सो रही उसकी दादी की नींद टूटी। जब उन्होंने आहट सुनी और फ्रिज खोला, तो उनके होश उड़ गए—अंदर मासूम रो रहा था।
डॉक्टर बोले- बच्चा सुरक्षित
परिजन बच्चे को तुरंत डॉक्टर के पास ले गए। चेकअप के बाद डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे की हालत खतरे से बाहर है। घर लौटने पर जब महिला से पूछा गया कि मासूम फ्रिज में कैसे पहुंचा, तो उसका सीधा जवाब था—“सो नहीं रहा था, इसलिए फ्रिज में रख दिया।”
भूत-प्रेत समझा, फिर हुआ सच का खुलासा
परिवार को पहले लगा कि महिला पर भूत-प्रेत का साया है। अगले दिन वे उसे तांत्रिक के पास झाड़-फूंक कराने ले गए, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। आखिरकार एक रिश्तेदार की सलाह पर उसे साइकेट्रिक डॉक्टर को दिखाया गया।
डॉक्टरों ने बताया कि महिला पोस्टपार्टम डिसऑर्डर (डिलीवरी के बाद मानसिक बीमारी) से जूझ रही है। इस वजह से वह समझदारी से फैसले नहीं ले पा रही थी।
यह घटना बताती है कि बच्चे के जन्म के बाद महिलाओं की मानसिक स्थिति पर ध्यान देना बेहद जरूरी है। पोस्टपार्टम डिप्रेशन या डिसऑर्डर को हल्के में लेना खतरनाक साबित हो सकता है।









