झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र आज से शुरू, विपक्ष- सत्ता पक्ष आमने-सामने
Monsoon session of Jharkhand assembly begins today, opposition and ruling party face to face

झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र आज से शुरू
रांची। झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है और इसके हंगामेदार होने के आसार हैं। विपक्ष और सत्ता पक्ष दोनों ने अपनी-अपनी रणनीति तैयार कर ली है।
विपक्ष की तैयारी
भाजपा इस सत्र में नगड़ी में रिम्स-टू निर्माण को लेकर हुए विरोध-प्रदर्शन और झड़प के मुद्दे को जोर-शोर से उठाएगी। रविवार को भाजपा विधायक चंपाई सोरेन को नगड़ी आंदोलन के चलते हाउस अरेस्ट रखा गया, जिसे लेकर पार्टी सदन में सरकार को घेरने की तैयारी में है।
इसके अलावा गोड्डा में सूर्या हांसदा एनकाउंटर का मामला भी विपक्ष के निशाने पर रहेगा।
सत्ता पक्ष का एजेंडा
सत्तारूढ़ झामुमो और कांग्रेस विपक्ष का डटकर सामना करने की तैयारी में हैं। सत्ता पक्ष का मुख्य एजेंडा संविधान के 130वें संशोधन का विरोध करना होगा। झामुमो विधायक दल ने फैसला किया है कि सदन में दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भारत रत्न देने का प्रस्ताव पेश किया जाएगा और इसे केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।
विशेष कार्यक्रम और चर्चाएँ
पहली पाली में प्रश्नकाल होगा जबकि दूसरी पाली में अनुपूरक बजट पर चर्चा होगी। कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने बताया कि 25 और 26 अगस्त को कांग्रेस केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ सदन के अंदर और बाहर प्रदर्शन करेगी।