छेड़खानी से परेशान होकर महिला ने उठाया खौफनाक कदम: गोड्डा में 4 बच्चों की मां ने की आत्महत्या
Jharkhand: Troubled by eve-teasing, a woman took a horrifying step...mother of 4 children committed suicide in Godda

गोड्डा जिलो के मोतिया ओपी थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। मोतिया गांव की रहने वाली 4 बच्चों की मां ने छेड़छाड़ की वजह से मानसिक तनाव में आकर जहर खा लिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। घटना शुक्रवार देर शाम की है। महिला हटिया से लौटने के बाद अचानक परेशान नजर आई। कुछ देर बाद उसने जहर खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर महिला ने परिजनों को बताया कि पड़ोस में रहने वाले राजेश हरिजन ने उसके साथ छेड़खानी की।
इसके बाद परिजन उसे गोड्डा सदर अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताकर भागलपुर रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही महिला की मौत हो गयी। मृतका के ससुर ने बताया कि उनका बेटा दिल्ली में मजदूरी करता है। बहू गांव में बच्चों के साथ रह रही थी। पड़ोस में रहने वाला राजेश हरिजन उसे साथ रहने के लिए दबाव डालता था। उन्होंने यह भी बताया कि बहू पहले इस मामले की शिकायत थाने में करने गयी थी, लेकिन पुलिस ने आवेदन नहीं लिया।
महिला की हालत बिगड़ने से पहले पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया था, जिसमें उसने स्पष्ट रूप में राजेश हरिजन पर छोड़खानी का आरोप लगाया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजेश हरिजन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि महिला ने आत्महत्या करने के पीछे छोड़खानी और मानसिक उत्पीड़न की बात सामने आई है। आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है।