झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश का खतरा: रेड अलर्ट जारी, जानिए अपने जिले का हाल
Threat of heavy rain in many districts of Jharkhand: Red alert issued, know the condition of your district

रांची : झारखंड में मानसून की सक्रियता एक बार फिर तेज हो गई है। मौसम विभाग रांची के अनुसार, हजारीबाग, लातेहार, चतरा, गढ़वा और पलामू जिलों में आज से मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं रांची, जमशेदपुर और खूंटी जैसे इलाकों में पिछले दिनों से हो रही भारी बारिश अब धीरे-धीरे कम होने की ओर है और आज मौसम में सुधार की संभावना है।
साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर अब पश्चिमी झारखंड पर
रांची मौसम केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, अब तक मध्य और दक्षिणी झारखंड के हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई थी, लेकिन अब साइक्लोनिक सर्कुलेशन का प्रभाव पश्चिमी जिलों की ओर बढ़ रहा है। इसके चलते पलामू, गढ़वा, लातेहार और चतरा जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान अत्यधिक वर्षा हो सकती है।
रांची, जमशेदपुर और हजारीबाग में क्या रहेगा मौसम
रांची में आज मौसम में सुधार की संभावना है। अधिकतम तापमान 28-30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। रांची, जमशेदपुर और हजारीबाग में दिन में आंशिक बादल छाए रहेंगे, जबकि कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना बनी हुई है।
सरायकेला ने दर्ज किया अब तक का सर्वाधिक वर्षा रिकॉर्ड
पिछले 24 घंटे में झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले ने 375 मिमी बारिश दर्ज की है, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक आंकड़ा है। इसके अलावा, लातेहार में 335 मिमी, लोहरदगा में 335 मिमी और खूंटी में 290 मिमी बारिश दर्ज की गई है। ये आंकड़े स्पष्ट रूप से संकेत देते हैं कि इन जिलों में बारिश ने जनजीवन को व्यापक रूप से प्रभावित किया है।
रात के समय बढ़ेगी ठंड, तापमान में गिरावट
झारखंड के खूंटी, लोहरदगा, लातेहार और बोकारो जैसे जिलों में न्यूनतम तापमान 20 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, रात के समय ठंडक में बढ़ोतरी होगी और लोगों को रजाई की आवश्यकता महसूस हो सकती है। मौसम की यह स्थिति फिलहाल अगले कुछ दिनों तक बनी रह सकती है।