143 शिक्षकों होंगे सस्पेंड: चुनाव आयोग की नाफरमानी पड़ी भारी, 143 शिक्षकों ने आदेश के बावजूद नहीं संभाली जिम्मेदारी, सस्पेंशन का आर्डर कभी भी…

143 teachers to be suspended: Election Commission's disobedience proved costly, 143 teachers did not take up their responsibilities despite the order, suspension order can be issued at any time...

Teacher News। चुनाव आयोग की नाफरमानी शिक्षकों को भारी पड़ने वाली है। 143 शिक्षकों पर कभी भी निलंबन की गाज गिर सकती है। दरअसल चुनाव आयोग ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) अभियान की शुरुआत की है। पश्चिम बंगाल में SIR के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई है। आयोग द्वारा बूथ स्तरीय अधिकारी (BLO) के रूप में नियुक्त किए गए 143 शिक्षकों ने निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना दायित्व नहीं संभाला। इस पर अब चुनाव आयोग सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की तैयारी में है।

 

सूत्रों के मुताबिक, इन शिक्षकों को 30 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे तक कार्यभार संभालने की अंतिम चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद कई शिक्षकों ने न तो अपनी ड्यूटी संभाली और न ही आयोग द्वारा आयोजित अनिवार्य प्रशिक्षण में भाग लिया। अब ऐसे शिक्षकों को निलंबन का सामना करना पड़ सकता है।

 

निर्वाचन आयोग ने मांगी रिपोर्ट

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) मनोज कुमार अग्रवाल से इस पूरे प्रकरण की रिपोर्ट मांगी गई है। सीईओ कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आयोग के निर्देशों का उल्लंघन गंभीर अपराध माना जाएगा, क्योंकि बीएलओ मतदाता सूची के अद्यतन और सत्यापन प्रक्रिया में सबसे अहम भूमिका निभाते हैं।

 

अधिकारी ने कहा,

“अगर सरकारी अधिकारी और शिक्षक BLO के रूप में जिम्मेदारी नहीं निभाएंगे, तो SIR की प्रक्रिया बुरी तरह प्रभावित होगी। ऐसे मामलों में निलंबन की कार्रवाई पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।”

 

तीन जिलों में सबसे अधिक लापरवाही

जानकारी के अनुसार, कूचबिहार, मुर्शिदाबाद और कोलकाता उत्तर जिलों में सबसे अधिक शिक्षक हैं जिन्होंने BLO का कार्यभार नहीं संभाला।इन शिक्षकों को पहले कारण बताओ नोटिस (Show Cause Notice) जारी किया गया था, लेकिन चेतावनी के बावजूद उन्होंने काम शुरू नहीं किया। अब जिला प्रशासन से इन शिक्षकों की सूची तैयार कर आयोग को सौंपने को कहा गया है।सीईओ कार्यालय ने बुधवार को सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों (DEO) के साथ एक ऑनलाइन समीक्षा बैठक भी की, जिसमें BLO की नियुक्ति और कार्य की प्रगति पर चर्चा की गई।

 

पूरे राज्य में 80,000 से अधिक BLO नियुक्त

बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए 80,000 से अधिक बूथों पर BLO की नियुक्ति की गई है। इनका काम नए मतदाताओं का पंजीकरण करना, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाना और मतदाता सूची को अद्यतन बनाए रखना है।

 

मतदाताओं के लिए हेल्पलाइन ‘1950’

चुनाव आयोग ने मतदाता सूची से जुड़ी पारदर्शिता बनाए रखने और लोगों की शंकाएं दूर करने के लिए ‘1950’ मतदाता हेल्पलाइन नंबर शुरू किया है।इस नंबर पर नागरिक अपने नाम जुड़वाने, सुधार कराने या शिकायत दर्ज कराने से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।सीईओ कार्यालय के अधिकारी ने बताया कि यह हेल्पलाइन राज्य और जिला स्तर की सेवाओं के साथ एकीकृत है, जिससे किसी भी मतदाता को आसानी से सहायता मिल सके।

Related Articles

close