झारखंड की चर्चित महिला मुखिया गायब, काम से निकली, लेकिन लौटकर नहीं आयी, पति-परिवार सब टेंशन में … पुलिस भी…
Jharkhand's famous female chief goes missing; she leaves for work but doesn't return, leaving her husband and family in a state of tension... even the police...

Jharkhand News : झारखंड की चर्चित मुखिया सपना कुमारी के बारे में चौकाने वाली खबर आ रही है। पिछले तीन दिनों दिनों झारखंड की सबसे कम उम्र की महिला मुखिया का पता नहीं चल पाया है। खबर है कि 2 अक्टूबर से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हैं। उनके परिजनों ने गोमिया थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
दरअसल गोमिया प्रखंड की पलीहारी गुरुडीह पंचायत की मुखिया सपना कुमारी दो अक्टूबर की दोपहर से गायब हो गयी है। परिवारवालों के अनुसार, वह किसी निजी कार्य से घर से निकली थीं, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटीं। देर रात तक खोजबीन और रिश्तेदारों से पूछताछ के बावजूद उनकी कोई जानकारी नहीं मिली। इसी पर उनके पति आशीष ने गोमिया थाना में लिखित आवेदन देकर पुलिस से उनकी खोजबीन करने की गुहार लगाई।
सपना कुमारी 2022 के पंचायत चुनाव में पहली बार राजनीति में उतरीं और रिकॉर्ड मतों से जीतकर बोकारो जिले की सबसे कम उम्र (22 वर्ष) की महिला मुखिया बनीं। उन्होंने अपने शुरुआती कार्यकाल में विकास योजनाओं में सक्रिय भागीदारी दिखाई और पंचायत के कामकाज को प्रभावी ढंग से संचालित किया। इस वजह से उनके गांववासियों का विश्वास उन्होंने जीता। हालांकि समय के साथ उनकी राजनीतिक सक्रियता में गिरावट देखी गई, फिर भी वह क्षेत्र में एक चर्चित हस्ती बनी रहीं।
लापता होने से इलाके में हड़कंप
विजयादशमी के अवसर पर मुखिया के अचानक लापता होने की खबर ने पूरे इलाके में सनसनी मचा दी है। ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। कुछ लोग इसे सामान्य घटना मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे किसी गहरी साजिश से जोड़कर देख रहे हैं।
गोमिया थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि मुखिया के परिजनों ने आवेदन दिया है, जिसमें कहा गया कि 2 अक्टूबर को बिना कुछ बताए वह घर से निकलीं और तब से लापता हैं। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों और संभावित ठिकानों पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। उनके मोबाइल का नेटवर्क भी बंद है, जिससे लोकेशन का पता नहीं चल पा रहा।
परिवार और समाज में चिंता
सपना कुमारी का एक बच्चा भी है। उनके पति आशीष, जो विदेश में इंजीनियर थे, मुखिया के चुनाव जीतने के बाद वापस आकर परिवार और पंचायत के कार्यों में शामिल हो गए थे। मुखिया के लापता होने के बाद इलाके में कई तरह के कयास और चर्चा शुरू हो गई हैं।परिजन और ग्रामीण दोनों ही पुलिस से तीव्र जांच और शीघ्र सुराग मिलने की उम्मीद कर रहे हैं। पुलिस लगातार क्षेत्रीय लोगों से संपर्क कर रही है और संभावित ठिकानों पर टीम भेजी गई है।
पुलिस कर रही है जांच
गोमिया थाना प्रभारी रवि कुमार ने कहा,
“हमने पूरी कोशिश की, आसपास के सभी क्षेत्रों की तलाशी ली जा रही है। फिलहाल कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। हम चाहते हैं कि सपना कुमारी सुरक्षित लौटें और उनके परिजनों की चिंता दूर हो।”फिलहाल मामला जांच के दायरे में है, और पुलिस व प्रशासन ने सुरक्षा और तलाश के सभी उपाय सक्रिय कर दिए हैं। इलाके के लोग मुखिया के जल्द सुरक्षित लौटने की उम्मीद में हैं।









