घुटनों पर पाक फौज! 7 जवानों की तस्वीरों ने मचाया तहलका… BLA का 7 दिन का अल्टीमेटम

बलूचिस्तान से आई एक सनसनीखेज खबर ने पाकिस्तान की राजनीति और सेना—दोनों को कठघरे में खड़ा कर दिया है। प्रतिबंधित संगठन बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने दावा किया है कि उसके लड़ाकों ने पाकिस्तान सेना के 7 जवानों को बंधक बना लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में कुछ सैनिक घुटनों के बल बैठे नजर आ रहे हैं, जिनके बारे में कहा जा रहा है कि उन्होंने आत्मसमर्पण किया है।
हालांकि इन तस्वीरों और दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन पाकिस्तान में इस घटना ने सियासी भूचाल ला दिया है।
7 दिनों का अल्टीमेटम, कैदियों की रिहाई की मांग
BLA के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा है कि हालिया ऑपरेशन में 7 पाकिस्तानी सैनिकों को ‘युद्धबंदी’ बनाया गया है। संगठन ने पाकिस्तान सरकार को 7 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए मांग रखी है कि बलूच राजनीतिक कैदियों, कथित लापता व्यक्तियों और अन्य बंदियों को रिहा किया जाए।
BLA ने चेतावनी दी है कि यदि तय समयसीमा के भीतर उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो इन सैनिकों को तथाकथित ‘बलूच नेशनल कोर्ट’ में पेश कर सजा दी जा सकती है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किरकिरी?
इस घटना के बाद पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठने लगे हैं। विपक्षी हलकों और सोशल मीडिया पर इसे सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी विफलता बताया जा रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि बंधक बनाए जाने का दावा सही साबित होता है, तो यह बलूचिस्तान में सुरक्षा हालात के गंभीर होने का संकेत है।
बलूचिस्तान में बढ़ता तनाव
बलूचिस्तान लंबे समय से अलगाववादी गतिविधियों और सुरक्षा बलों के साथ टकराव का केंद्र रहा है। BLA जैसे संगठन वहां अधिक स्वायत्तता या स्वतंत्रता की मांग करते रहे हैं। पाकिस्तान सरकार इन संगठनों को आतंकवादी मानती है और उनके खिलाफ लगातार ऑपरेशन चलाती रही है।
ताजा घटनाक्रम ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या बलूचिस्तान में हालात नियंत्रण में हैं या स्थिति और बिगड़ने वाली है?









